शाहजहांपुर में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, डीएम ने अभिभावकों से की बेटियों को टीका लगवाने की अपील

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से जनपद में चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, घूरन तलैया में फीता काटकर किया।
डीएम ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन सुरक्षित एवं प्रभावी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष की आयु पूरी न करने वाली सभी पात्र बालिकाओं का टीकाकरण जरूर कराएं, ताकि भविष्य में उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में मदद मिल सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि जनपद में अब तक 8,032 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि पहले यह वैक्सीन केवल निजी अस्पतालों में उपलब्ध थी, लेकिन अब जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध है।
टीकाकरण अभियान में डॉ. रोशनी सक्सेना, एएनएम सलोनी मिश्रा, एएनएम ममता देवी और एएनएम नेहा शुक्ला ने सहभागिता की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.पी. श्रीवास्तव, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद आसिफ तथा डब्ल्यूएचओ से डॉ. आकांक्षा यादव मौजूद रहे।