सरकारी संपत्ति पर चोरों की नजर! बढ़ौरा पंचायत भवन में पांच ताले टूटे, लाखों का सामान और जरूरी दस्तावेज चोरी

सीधी। सेमरिया थाना क्षेत्र के बढ़ौरा गांव में अज्ञात चोरों ने पंचायत भवन को निशाना बनाते हुए मुख्य गेट समेत पांच ताले तोड़कर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोरी की वारदात में कंप्यूटर, दो लैपटॉप, टीवी, प्रिंटर सहित अन्य सामग्री के साथ पंचायत के महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और दस्तावेज भी चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 2 बजे की है। चोरों ने सबसे पहले पंचायत भवन के मुख्य गेट का ताला तोड़ा और इसके बाद अंदर बने चार कमरों के ताले भी तोड़ दिए। भवन के कमरों को खंगालने के बाद चोर कंप्यूटर, दो लैपटॉप, टीवी, प्रिंटर सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
पंचायत सरपंच रामप्रसाद ‘मुन्ना’ के मुताबिक चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब दो से तीन लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा पंचायत के जरूरी रिकॉर्ड और दस्तावेज भी चोरी होने की बात सामने आई है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचायत भवन का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि फुटेज में रात करीब 2 बजे संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दे रही हैं।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात चोरों की पहचान करने में जुटी है। पंचायत भवन में हुई इस चोरी के बाद सरकारी संपत्ति और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।