समय के सदुपयोग एवं आत्म अनुशासन से आसान होती है जीवन की राह : संभागीय उपायुक्त जे.पी. यादव

टंसार। जनजातीय कार्य विभाग के संभागीय उपायुक्त जे.पी. यादव ने कहा कि समय का सदुपयोग, आत्म अनुशासन, निरंतर प्रयास और कड़ी मेहनत जीवन में सफलता की राह को आसान बनाते हैं। जीवन में समस्याएं सभी के सामने आती हैं, लेकिन जो व्यक्ति उनसे कई गुना बड़े प्रयास और दृढ़ संकल्प के साथ समाधान खोजता है, वही सफलता प्राप्त करता है।
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय टंसार एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टंसार में आयोजित “प्रेरणा संवाद” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री यादव ने विद्यार्थियों को समय के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय की गति को कोई रोक नहीं सकता, इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को समय का सम्मान करना चाहिए और आज का कार्य कल पर टालने की आदत छोड़नी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए प्रसिद्ध पंक्तियां “कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती” तथा “लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती” का सामूहिक पाठ भी कराया।
संभागीय उपायुक्त ने कहा कि आत्म अनुशासन के बिना जीवन बिना मांझी की नाव के समान है। विद्यार्थियों को दूसरों से तुलना करने के बजाय स्वयं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अनेक त्याग करते हैं और उनकी मेहनत का सबसे बड़ा प्रतिफल बच्चों की सफलता होती है।
करीब दो घंटे तक चले प्रेरणा संवाद में विद्यार्थियों से समय प्रबंधन, अनुशासन, एकाग्रता, निरंतरता, परिश्रम और लक्ष्य निर्धारण जैसे विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने प्रश्न और जिज्ञासाएं रखीं, जिनका श्री यादव ने विस्तार से समाधान किया।
कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य रामपाल सिंह, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने प्रेरणा संवाद को प्रेरणादायक और मार्गदर्शक बताते हुए इसे अपने भविष्य के लिए उपयोगी बताया।
रिपोर्ट : शाहिद खान
प्राइड इंडिया न्यूज़, सीधी (मध्य प्रदेश)