सड़क सुरक्षा पर कलेक्टर का सख्त अल्टीमेटम: लापरवाही की तो होगी कार्रवाई, सिहावल में लगेगा जिला स्तरीय जन विश्वास शिविर

“गणेश विसर्जन की सफल व्यवस्था पर टीम को शाबाशी, दुर्गा उत्सव और जन विश्वास अभियान की तैयारियों पर कलेक्टर का फोकस”
सीधी। जिले में सड़क सुरक्षा, जनसेवा और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर विकास मिश्रा एक बार फिर सख्त नजर आए। समय-सीमा बैठक में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क सुरक्षा और आमजन से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत में कलेक्टर ने गणेश विसर्जन के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं संभालने वाली टीम की सराहना की और आगामी दुर्गा उत्सव को लेकर सभी विभागों को अभी से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों पर घूम रहे मवेशियों को हटाने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने, स्पीड ब्रेकरों को स्पष्ट रूप से चिन्हित करने तथा जोगीपुर बायपास पर आवश्यक संकेतक लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में बहरी में प्रस्तावित सिविल हॉस्पिटल के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप आमजन की सुविधा के अनुरूप उपयुक्त भूमि का शीघ्र चयन करने को कहा गया। वहीं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 3 अक्टूबर को ग्रामीण क्षेत्रों तथा 4 अक्टूबर को नगरीय निकायों में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। 2 से 10 अक्टूबर तक “सेवा मेरा योगदान” अभियान के तहत स्वच्छता, पौधारोपण और जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होंगी।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को सिहावल विकासखंड में जिला स्तरीय शिविर आयोजित होगा, जिसमें लंबित शिकायतों, लोक सेवा गारंटी के आवेदनों का निराकरण, उद्यमी संवाद और हितग्राही संवाद आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर ने कुसमी में आयोजित पिछले शिविर के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर अधिकारियों को बधाई दी। इसके अलावा 2 अक्टूबर गांधी जयंती पर टकटैया में जिला स्तरीय शिविर और सामाजिक समरसता भोज का आयोजन होगा। वहीं 6 अक्टूबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर जिलेभर के बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने का अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में कलेक्टर ने शासकीय हैंडपंपों पर अतिक्रमण को लेकर भी जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश दिए और कहा कि सार्वजनिक जल स्रोतों तक आमजन की निर्बाध पहुंच सुनिश्चित की जाए। अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। बैठक में वनमंडलाधिकारी प्रीति अहिरवार, जिला पंचायत सीईओ सौम्या आनंद, अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, एसडीएम राकेश शुक्ला, प्रिया पाठक, आकाश अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।