अब डॉक्टर के फिंगरप्रिंट से ही चलेगी अल्ट्रासाउंड मशीन

0 16

 

बिना चिकित्सक की मौजूदगी अल्ट्रासाउंड पर लगेगी रोक, जिलाधिकारी की पहल पर नई तकनीक लागू

 

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। जनपद के अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर बिना चिकित्सक की मौजूदगी के अनधिकृत व्यक्तियों द्वारा जांच किए जाने और भ्रूण लिंग जांच की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने नई तकनीकी व्यवस्था लागू करने की पहल की है।

 

जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा के साथ सदर बाजार स्थित चौधरी डायग्नोस्टिक सेंटर पहुंचकर नई व्यवस्था का अवलोकन किया।

 

जिलाधिकारी ने बताया कि अब अल्ट्रासाउंड मशीन संबंधित पंजीकृत चिकित्सक के फिंगरप्रिंट यानी बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही संचालित हो सकेगी। चिकित्सक की अनुपस्थिति में मशीन शुरू नहीं होगी। साथ ही मशीन के संचालन का रिकॉर्ड भी सुरक्षित रहेगा, जिससे प्रत्येक जांच की जानकारी उपलब्ध रहेगी और शिकायत होने पर आसानी से सत्यापन किया जा सकेगा।

 

उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से अनधिकृत अल्ट्रासाउंड पर रोक लगाने के साथ भ्रूण लिंग जांच जैसे अवैध कृत्यों पर प्रभावी नियंत्रण में मदद मिलेगी। यह तकनीक चरणबद्ध तरीके से जनपद के सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर लागू की जाएगी।

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि नई प्रणाली से केंद्रों की निगरानी और अधिक प्रभावी होगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment