थाना भुईमाड़ में प्रधान आरक्षक पर जानलेवा हमला, सिर में गंभीर चोट; 23 टांके लगे, जिला अस्पताल रेफर
थाना परिसर में विवाद के दौरान युवक ने किया हमला, BNS की कई धाराओं में मामला दर्ज

सीधी। जिले के थाना भुईमाड़ में पदस्थ प्रधान आरक्षक बलबीर निखरे पर थाना परिसर में कथित रूप से हुए हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना 6 जुलाई की दोपहर की बताई जा रही है। घायल प्रधान आरक्षक के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उन्हें 23 टांके लगाए गए और बाद में बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सीधी रेफर किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश द्विवेदी (21 वर्ष), पिता वैजनाथ द्विवेदी, निवासी भुईमाड़, अचानक थाना परिसर पहुंचा और विवाद करने लगा। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने किसी कठोर वस्तु से प्रधान आरक्षक बलबीर निखरे के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल घायल प्रधान आरक्षक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उनके सिर में 23 टांके लगाए गए। चिकित्सकों ने गंभीर चोट को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय सीधी रेफर कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 351, 115, 132, 121 एवं 196 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। भुईमाड़ पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
— प्राइड इंडिया न्यूज़, सीधी