अमिलिया पुलिस की बड़ी सफलता: 8 घंटे में दो नाबालिग बालिकाएं सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा

0 79

सीधी, 7 जुलाई 2026।

जिला पुलिस सीधी के थाना अमिलिया ने गुमशुदगी एवं अपहरण के दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 8 घंटे के भीतर दोनों नाबालिग बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस कार्रवाई में साइबर सेल की तकनीकी सहायता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में अमिलिया पुलिस ने दोनों मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए एक बालिका को कोलगवां (जिला सतना) से तथा दूसरी को सीधी जिले से बाहर जाते समय सुरक्षित बरामद किया।

पहले मामले में 6 जुलाई को एक नाबालिग बालिका के घर से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका पर मामला दर्ज कर निरीक्षक राकेश बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम और साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबिश देकर बालिका को 8 घंटे के भीतर सतना जिले के कोलगवां क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया।

दूसरे मामले में 17 वर्ष 5 माह की नाबालिग रिश्तेदार के बिना बताए घर से चले जाने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी का मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम और साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका को सीधी जिले की सीमा से बाहर जाते समय सुरक्षित दस्तयाब कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया।

इन दोनों सफल कार्रवाइयों में थाना अमिलिया पुलिस और साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

सीधी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी नाबालिग के गुम होने या संदिग्ध परिस्थिति की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते सुरक्षित दस्तयाबी सुनिश्चित की जा सके। साथ ही पुलिस ने दोहराया कि महिला एवं बाल अपराधों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत ऐसे मामलों में तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment