धार्मिक आस्था के बीच सजा काव्य का मंच, लौआ में भव्य कवि सम्मेलन सम्पन्न

0 201


सीधी | 30 मार्च 2026
जगदम्बा रानी कुमारी धाम, लौआ (सीधी) के मंदिर प्रांगण में नव सृजन साहित्य एवं कला संवर्धन समिति द्वारा टोडरमल जयंती, श्राद्ध अमावस्या एवं विक्रम संवत 2083 नववर्ष की पूर्व संध्या पर भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 18 मार्च 2026, बुधवार को सायं 8:30 बजे प्रारंभ होकर रात्रि 1:30 बजे तक चला, जिसमें साहित्य और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान जगदम्बा रानी कुमारी, गौरी जी, राम दरबार, नीलकंठ महादेव, वीर बजरंगबली, गणेश भगवान एवं माँ सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुई। इसके पश्चात वरिष्ठ साहित्यकार श्री हरिहर प्रसाद विश्वकर्मा ‘सुमन’ (सहजी सोनवर्षा) की अध्यक्षता एवं श्री अशोक कुमार सिंह (रेही कर्थुआ, सिंगरौली), कुंज लाल साकेत ‘कुंजल’ (शिवपुरवा) तथा रावेन्द्र तिवारी (मझरेटी, सीधी) के मुख्य आतिथ्य में कवि सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। मंच संचालन श्री वाचस्पति गौतम ‘मयंक’ ने प्रभावशाली ढंग से किया।
कवि सम्मेलन में कुल 19 साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति दी, जिनमें कमलापति गौतम ‘कमल’, जयप्रकाश तिवारी ‘जेपी’, गोविंद दास विश्वकर्मा, हरिश्चंद्र गुप्त, सूरज गुप्त, गोपाल साकेत, प्रशांत पाण्डेय, अम्बिकेश पाण्डेय, ओमप्रकाश पाठक, गौरव ‘रविकर’, गणेश प्रजापति, पन्नालाल गुप्त ‘दयालु’, कृपा निधान अग्रहरि एवं मुद्रिका प्रसाद दीक्षित सहित अन्य कवियों ने अपनी ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अंत में सभाध्यक्ष द्वारा प्रस्तुतियों की समीक्षा करते हुए सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई तथा उपस्थित श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही समिति द्वारा आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम की सफलता में मंच सज्जा, ध्वनि-प्रकाश, फोटोग्राफी एवं अतिथि सत्कार में स्थानीय सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बड़ी संख्या में उपस्थित साहित्य प्रेमियों एवं श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
नियमित आयोजन की परंपरा
नव सृजन समिति द्वारा प्रत्येक अमावस्या को कवि सम्मेलन एवं प्रत्येक पूर्णिमा को संगीत सम्मेलन आयोजित किया जाता है, जिसमें साहित्यकारों और कलाकारों को आमंत्रित किया जाता है।
आगामी कार्यक्रम
कवि सम्मेलन: 16 अप्रैल 2026 (गुरुवार), 16 मई 2026 (शनिवार)
संगीत सम्मेलन: 01 अप्रैल 2026 (बुधवार), 01 मई 2026 (शुक्रवार)
सभी कार्यक्रम सायं 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक मंदिर प्रांगण, लौआ में आयोजित होंगे। समिति ने सभी साहित्यकारों, कलाकारों एवं श्रद्धालुओं से सहभागिता और सहयोग की अपील की है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment