सिहावल तहसील में कलेक्टर का सख्त निरीक्षण: राजस्व मामलों पर कसी नकेल, जनता की समस्याओं पर तुरंत एक्शन”

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, सिहावल रिपोर्ट : शाहिद खान
सिहावल। कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने तहसील सिहावल पहुंचकर व्यवस्थाओं और राजस्व कार्यों का औचक निरीक्षण किया, जिससे प्रशासनिक अमले में हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली, लंबित प्रकरणों और आमजन को दी जा रही सेवाओं की गहन समीक्षा की। नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे मामलों में देरी पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का समय-सीमा में त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने राजस्व न्यायालय की कार्यवाही का भी अवलोकन किया और पारदर्शिता व समयबद्ध सुनवाई पर जोर दिया। उन्होंने अभिलेखों के अद्यतन, लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे और कार्यालयीन व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साफ-सफाई, रिकॉर्ड प्रबंधन और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति को लेकर भी सख्त रुख अपनाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई।
इस दौरान कलेक्टर ने आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य जनशिकायतों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान ही प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सिहावल श्री राजेश शुक्ला सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी ( मध्य प्रदेश)