विकासखंड बजाग में ‘विद्यारंभ’ का उल्लास, आंगनबाड़ी बच्चों की ग्रेजुएशन सेरेमनी आयोजित

0 205

 

रिपोर्टर-सोहन श्याम बजाग डिंडौरी

 

बजाग-आकांक्षी विकासखंड बजाग के ग्राम करौंदा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र (इंदिरा आवास टोला, सागर टोला सेक्टर) में ‘विद्यारंभ एवं ग्रेजुएशन सेरेमनी’ का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन एवं एसडीएम रामबाबू देवांगन के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी में प्रारंभिक (प्री-स्कूल) शिक्षा पूर्ण कर प्राथमिक विद्यालय में प्रवेश लेने जा रहे बच्चों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करना था। इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र को आकर्षक रूप से सजाया गया तथा नन्हे-मुन्ने बच्चों को प्रतीकात्मक रूप से ‘ग्रेजुएशन’ सम्मान प्रदान किया गया, जिससे उनका उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा।

महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी श्रीमती पुष्पलता मरावी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं, नीति आयोग के प्रतिनिधि डॉ. विकास जैन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन आकांक्षी क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।

कार्यक्रम में सेक्टर पर्यवेक्षक भूपेश्वरी धुर्वे ने बच्चों के लिए संचालित खेल-आधारित शिक्षण गतिविधियों की जानकारी साझा की।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, अभिभावक एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बच्चों को सम्मानित होते देख अभिभावकों में खुशी का माहौल रहा। यह ‘विद्यारंभ’ समारोह ग्राम करौंदा में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment