विंध्य में अधोसंरचना परियोजनाओं की समीक्षा, समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश

भोपाल, 24 मार्च 2026
विंध्य क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय, भोपाल में सड़क, फ्लाइओवर एवं पुल-पुलिया निर्माण परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए मजबूत अधोसंरचना आधारभूत आवश्यकता है।
बैठक में रीवा फ्लाइओवर, संस्कृत विश्वविद्यालय लक्ष्मण बाग के पास प्रस्तावित एप्रोच रोड, मऊगंज बायपास तथा मऊगंज–पटेरा औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़क सहित प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने अद्यतन स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर उप मुख्यमंत्री ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने सभी परियोजनाओं की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि अंतर्विभागीय समन्वय वाले कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए। उन्होंने भूमि, स्वीकृति, तकनीकी और मैदानी स्तर की बाधाओं को चिन्हित कर त्वरित समाधान के निर्देश दिए। साथ ही गुणवत्ता से समझौता न करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से आवागमन सुगम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और आमजन को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। बेहतर सड़क संपर्क और परिवहन व्यवस्था से निवेश आकर्षित होगा, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार संतुलित एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और अधोसंरचना विकास प्राथमिकता में है। बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव श्री सुखवीर सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।