संग्रामपुर माल ग्राम पंचायत में उपसरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव, पंचायत में मचा सियासी भूचाल

0 298

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट

 

 

 

डिण्डौरी |

शहपुरा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत संग्रामपुर माल में पंचायत राजनीति उस समय गरमा गई जब उपसरपंच हीरालाल झारिया के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने की औपचारिक सूचना अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को सौंप दी गई। इस घटनाक्रम के बाद पूरे पंचायत क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत संग्रामपुर माल में वर्ष 2022 में निर्वाचन के पश्चात 02 अगस्त 2022 को शपथ ग्रहण हुआ था, जिसके बाद हीरालाल झारिया ने उपसरपंच पद का कार्यभार संभाला था। वर्तमान में उनका कार्यकाल ढाई वर्ष से अधिक का हो चुका है और नियमानुसार अविश्वास प्रस्ताव लाने की समय-सीमा पूरी हो चुकी है।

 

एक तिहाई नहीं, दो-तिहाई से ज्यादा पंचों का समर्थन

 

ग्राम पंचायत संग्रामपुर माल में कुल 21 सदस्य (20 पंच एवं 1 सरपंच) हैं। नियमानुसार अविश्वास प्रस्ताव की सूचना के लिए एक तिहाई पंचों की आवश्यकता होती है, लेकिन इस मामले में नियम से कहीं अधिक समर्थन सामने आया है।

सूत्रों के मुताबिक 13 पंचों के साथ स्वयं सरपंच ने भी हस्ताक्षर कर समर्थन दिया है, इस तरह कुल 16 निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने उपसरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की सूचना पर हस्ताक्षर किए हैं।

 

पहले कभी नहीं लाया गया अविश्वास प्रस्ताव

 

आवेदन में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इससे पूर्व उपसरपंच के विरुद्ध कभी भी अविश्वास प्रस्ताव नहीं लाया गया, साथ ही उनके कार्यकाल की समाप्ति में अभी 6 माह से अधिक का समय शेष है, जिससे यह प्रस्ताव विधिसम्मत माना जा रहा है।

 

प्रशासनिक हलकों में हलचल

 

अविश्वास प्रस्ताव की सूचना मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993-94 की धारा 21 तथा संबंधित नियमों के तहत प्रस्तुत की गई है। सूचना के साथ नियम 3 के उपनियम (1) के अनुरूप निर्धारित प्ररूप भी संलग्न किया गया है।

सूचना मिलते ही राजस्व एवं पंचायत विभाग में हलचल तेज हो गई है और अब प्रशासन द्वारा नियमानुसार आगामी बैठक बुलाए जाने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना है।

 

गांव की राजनीति में नया मोड़

 

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में लंबे समय से आंतरिक मतभेद चल रहे थे, जो अब खुलकर सामने आ गए हैं। वहीं कुछ लोग इसे पंचायत में नेतृत्व परिवर्तन की दिशा में बड़ा कदम बता रहे हैं।

 

अब सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई और प्रस्ताव पर होने वाली बैठक पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि उपसरपंच की कुर्सी बचेगी या संग्रामपुर माल पंचायत को मिलेगा नया उपसरपंच।

 

पंचों के साथ उपसरपंच के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर सरपंच नान सिंह मार्को का कहना है कि ग्राम पंचायत संग्रामपुर माल में विकास कार्यों में उपसरपंच हीरालाल झारिया के द्वारा व्यवधान उत्पन्न किया जाता है और झूठी शिकायत की जाती व कराई जाती है जिससे ग्राम पंचायत के विकास कार्य सही तरीके से नहीं हो पा रहे हैं इसी बात को लेकर 14 पंचों सहित मैंने स्वयं उप सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के लिए सहमत होकर एसडीएम को आवेदन दिया है। नान सिंह मार्को सरपंच, संतोषी पंच वार्ड क्रमांक 1, चमेली पंच वार्ड क्रमांक 2, लल्ला सिंह तेकाम पंच वार्ड क्रमांक 3, वीरान सिंह तेकाम वार्ड क्रमांक 5, रघुवीर सिंह परस्ते वार्ड क्रमांक 6, सिलोचना परस्ते वार्ड क्रमांक 7, जानकी सैयाम पंच वार्ड क्रमांक 8, सेमलाल परस्ते पंच वार्ड क्रमांक 20, विशंभर सिंह पंच वार्ड क्रमांक 18,, विद्या बाई पंच वार्ड क्रमांक 19, रोहनिया बाई पंच वार्ड क्रमांक 15, द्रोपती पंच वर्ल्ड इकोनॉमिक 11, सरिता बाई झारिया वार्ड क्रमांक 13 मौजूद रहे,

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment