पांढुरना: दिव्यांगों की भक्ति को मिला सहारा, साईं भक्तों ने कराई निःशुल्क शिर्डी-शेगांव यात्रा

संवाददाता- निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ
पांढुरना | स्थानीय साईं भक्तों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क शिर्डी और शेगांव तीर्थ यात्रा का सफल आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य उन लोगों के सपनों को साकार करना था जो शारीरिक या आर्थिक बाधाओं के कारण दर्शन करने में असमर्थ थे।
20 जनवरी को हुई थी रवानगी
यह विशेष यात्रा मंगलवार, 20 जनवरी 2026 को पांढुरना से शुरू हुई थी। इसमें क्षेत्र के 22 दिव्यांग श्रद्धालु अपने सहायकों के साथ शामिल हुए। समिति ने घोषणा की है कि भविष्य में भी प्रति वर्ष 25 दिव्यांगों और उनके सहायकों को निःशुल्क बस सेवा, भोजन और नाश्ते की सुविधा के साथ दर्शन कराए जाएंगे।
सुरक्षित हुई घर वापसी
चिंधया वराटी, सायबाई बोड़खे और रविन्द्र हिवसे सहित सभी 22 यात्रियों ने गुरुवार, 22 जनवरी को शाम 6 बजे सकुशल पांढुरना वापसी की। यात्रा के दौरान विनोद धोटे, उमेश कोल्हे और अन्य सेवाधारी सदस्यों ने यात्रियों की देखरेख और दर्शन व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली। युवाओं की इस संवेदनशील पहल की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है।