बहरी में कलेक्टर की सख्त समीक्षा, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान के दिए निर्देश
सीधी, 21 जुलाई। कलेक्टर विकास मिश्रा ने बहरी में आयोजित खंडस्तरीय समीक्षा बैठक में राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन को त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता और जवाबदेही के साथ निर्वहन करें।
बैठक में कलेक्टर ने राजस्व न्यायालयों में लंबित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन एवं अन्य राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा के भीतर उनका विधिसम्मत निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि अभिलेखों के अद्यतन कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और राजस्व रिकॉर्ड की शुद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व, कृषि एवं संबंधित विभागों को समन्वय के साथ ग्राम स्तर पर शिविर आयोजित कर पात्र किसानों का समय पर पंजीयन कराने को कहा, ताकि उन्हें शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ मिल सके।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में कलेक्टर ने अधिकारियों को चेताया कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता न होकर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक होना चाहिए। शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर उसकी समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए और अनावश्यक रूप से कोई भी शिकायत लंबित न रहे।
कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ पहुंचाने, नियमित मैदानी भ्रमण करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में उपखंड अधिकारी सिहावल राकेश शुक्ला, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित उपाध्याय, जिला परियोजना समन्वयक विनय मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।