सीधी में विश्वविद्यालय की मांग तेज, छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

आदिवासी बाहुल्य जिले में उच्च शिक्षा के अभाव का मुद्दा उठाया, आर्थिक कठिनाइयों और पलायन का हवाला देते हुए विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग
सीधी, 21 जुलाई 2026।
सीधी जिले में विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर जिले के छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि सीधी एक आदिवासी बाहुल्य जिला है, जहां बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर परिवार निवास करते हैं। जिले में विश्वविद्यालय नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य जिलों एवं राज्यों का रुख करना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।
छात्रों ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण अनेक विद्यार्थी उच्च शिक्षा से वंचित रह जाते हैं, जबकि कई छात्रों को अपनी रुचि के विपरीत विषयों में अध्ययन करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि आजादी के 75 वर्ष बाद भी सीधी जिले में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के लिए विश्वविद्यालय का अभाव चिंता का विषय है।
ज्ञापन में मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया कि “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” की भावना को साकार करते हुए सीधी जिले में शीघ्र विश्वविद्यालय की स्थापना की जाए, ताकि जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर एवं सुलभ उच्च शिक्षा उपलब्ध हो सके।
छात्र-छात्राओं ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए सीधी जिले को विश्वविद्यालय की सौगात देंगे, जिससे हजारों विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित हो सकेगा।