कलेक्टर विकास मिश्रा 11-12 अगस्त को सिहावल क्षेत्र के दौरे पर, जनसंवाद और विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा

0 35

सीधी जिले के कलेक्टर विकास मिश्रा का 11 एवं 12 अगस्त 2026 को सिहावल विकासखंड में व्यापक भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार 11 अगस्त को सुबह 10 बजे से जनपद पंचायत सिहावल में खंड स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित होगी। इसके बाद जनसुनवाई, जनसंवाद एवं लोकल कार्यालयों के निरीक्षण के माध्यम से आमजन की समस्याओं और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया जाएगा।

भ्रमण के दौरान कलेक्टर सिहावल क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों और संस्थानों का निरीक्षण करेंगे। वे मड़ौली स्थित उपस्वास्थ्य केंद्र, बघौर स्थित छात्रावास एवं विद्यालय का निरीक्षण करेंगे। साथ ही ग्राम पंचायत बघौर के ग्राम चौपाल में बैठक कर ग्रामीणों से सीधे संवाद करेंगे। इसके अलावा बाकी में गौ-अभ्यारण्य स्थल तथा चितवरिया में निर्माणाधीन अटल पंचायत भवन का भी निरीक्षण प्रस्तावित है।

कार्यक्रम के अनुसार कलेक्टर शाम को सिहावल छात्रावास में बच्चों के साथ रात्रि भोजन करेंगे तथा रात्रि विश्राम पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस सिहावल में करेंगे। 12 अगस्त को वे अमिलिया में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं खाद वितरण केंद्र का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद कुंजुनकला में जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे। यह दौरा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और स्थानीय समस्याओं के समाधान की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment