सेवा संकल्प अभियान में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह से लिया भाग

विद्यार्थी देश का भविष्य, प्रतिभा को पहचानकर आगे बढ़ाना जरूरी : डॉ. राजेश मिश्रा
सीधी, 26 सितम्बर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, सीधी के सभागार में जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सीधी संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के मुख्य आतिथ्य एवं जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता सुबह 11 बजे से शाम 4:30 बजे तक चली।
जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। चित्रकला के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा और कल्पनाशक्ति का प्रदर्शन किया, वहीं भाषण प्रतियोगिता में अपने विचारों एवं अभिव्यक्ति कौशल को प्रस्तुत किया। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी प्रस्तुतियां देखीं और उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनकी प्रतिभा को सही अवसर एवं उचित मार्गदर्शन देना हम सभी की जिम्मेदारी है। चित्रकला और भाषण जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशक्ति, विचारों और भावनाओं को व्यक्त करने का मंच प्रदान करती हैं। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल प्रथम, द्वितीय या तृतीय स्थान प्राप्त करना नहीं है, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को पहचाने और उसे निरंतर बेहतर बनाने का प्रयास करे। उन्होंने विद्यार्थियों से परिणाम की चिंता किए बिना पूरे उत्साह के साथ ऐसे आयोजनों में भाग लेने तथा पढ़ाई के साथ अपनी रुचि के क्षेत्र में भी निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
सांसद ने कहा कि सीधी जिले के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें उचित अवसर, संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों से विद्यार्थियों की रुचि और प्रतिभा को समझते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।
भाषण प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में गणेश विद्यालय की वैष्णवी मिश्रा तथा कनिष्ठ वर्ग में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मयंक मौर्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में वरिष्ठ वर्ग से सोनम प्रजापति शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मॉडल खजूरी एवं कनिष्ठ वर्ग से यशस्वी पांडे गांधी विद्यालय सीधी ने प्रथम स्थान अर्जित किया
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक, मार्गदर्शी शिक्षक एवं विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे। इस दौरान अमित प्रधान, विकासखंड शिक्षा अधिकारी मझौली शैलेंद्र सिंह बरिगमा, प्राचार्य वीरेंद्र सिंह मोगली, प्रभारी राकेश रतन पांडे, शासकीय विद्यालय सादीपन के प्राचार्य किशन लाल विश्वकर्मा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक मौजूद रहे।