मझौली पुलिस की नशे पर बड़ी कार्रवाई, 18 शीशी नशीली कफ सिरप के साथ तस्कर गिरफ्तार

कार, मोबाइल और ₹19 हजार नकद सहित ₹8.32 लाख का माल जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
सीधी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मझौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 शीशी कोडीन फॉस्फेट युक्त नशीली कफ सिरप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कार, मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल ₹8,32,627 मूल्य का माल जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी कुसमी श्री संतोष तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी मझौली उनि विशाल शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कार क्रमांक MP17ZR6323 से करमाई की ओर से मझौली की तरफ नशीली कफ सिरप लेकर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम अतरैला स्थित कूरबाबा घाटी के पास घेराबंदी कर वाहन को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार की डिग्गी में रखी लाल रंग की प्लास्टिक बोरी से 18 शीशी ONEREX COUGH SYRUP (कोडीन फॉस्फेट युक्त) बरामद की गई, जिसकी कीमत ₹3,627 बताई गई।
पुलिस ने आरोपी प्रकाश मिश्रा (24 वर्ष), पिता महेश प्रसाद मिश्रा, निवासी ग्राम दादर, थाना मड़वास, जिला सीधी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से नशीली कफ सिरप के अलावा घटना में प्रयुक्त कार (कीमत लगभग ₹8 लाख), विवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा ₹19,000 नकद जब्त किए गए। कुल जब्त सामग्री का मूल्य ₹8,32,627 आंका गया है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 5/13 मध्यप्रदेश ड्रग्स कंट्रोल एक्ट एवं धारा 8/21/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब नशीली कफ सिरप की आपूर्ति और बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि विशाल शर्मा के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक भरत मालवीय, प्रधान आरक्षक 136 राजीव यादव, आरक्षक 464 बृजकिशोर शुक्ला एवं आरक्षक 407 अक्षय तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।
सीधी पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।