समग्र शिक्षा अभियान की समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

30 सितंबर तक शत-प्रतिशत नामांकन और पुस्तक वितरण पूरा करने के निर्देश

0 2,104

 

सीधी, 27 सितंबर 2026। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सौम्या आनंद ने शनिवार को जिला पंचायत सभागार में समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में नामांकन, अपार आईडी, प्रोफाइल अपडेशन, पुस्तक एवं गणवेश वितरण, छात्रवृत्ति, स्वच्छ एवं हरित विद्यालय, मध्यान्ह भोजन, छात्रावास, निर्माण कार्य, पेयजल, विद्युत एवं शौचालय सहित विभिन्न बिंदुओं पर प्रगति की समीक्षा की गई।

सीईओ ने 30 सितंबर तक शत-प्रतिशत नामांकन एवं पुस्तक वितरण पूरा करने के निर्देश दिए। गणवेश वितरण के लिए शेष विद्यार्थियों के खाता सत्यापन का कार्य 10 अक्टूबर तक पूर्ण करने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार अपार आईडी जनरेशन में तेजी लाने को कहा। सभी विद्यालयों का स्वच्छ एवं हरित विद्यालय के रूप में पंजीयन तथा प्रशस्त एप पर शिक्षकों का ऑनबोर्डिंग भी समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

सिहावल एवं रामपुर नैकिन विकासखंडों में कम प्रगति पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यवाहियां शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। रामपुर नैकिन में अपार आईडी एवं नामांकन की प्रगति बढ़ाने तथा पात्र बालिकाओं का शीघ्र नामांकन कराने के लिए विशेष निर्देश दिए गए।

लापरवाही पर नोटिस और वेतन काटने के निर्देश

शैक्षणिक भ्रमण एवं मॉनिटरिंग में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विगत तीन माह में एक भी शैक्षणिक भ्रमण नहीं करने वाले डाइट व्याख्याता विजय कृष्ण शुक्ला को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं प्रशस्त एप में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर मोबाइल स्रोत सलाहकार बृजेश कुमार त्रिपाठी का 15 दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। बैठक में अनुपस्थित संबंधित अमले को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया।

सीईओ ने विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, शौचालयों की क्रियाशीलता, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों की कार्यवार एवं वर्षवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा अतिक्रमण और जर्जर भवनों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अगली समीक्षा बैठक तक अपेक्षित सुधार नहीं होने पर लापरवाह अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध निलंबन एवं विभागीय जांच सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिला परियोजना समन्वयक विनय मिश्रा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment