सोशल मीडिया अलर्ट पर प्रशासन सक्रिय, अमरपुर में पेयजल संकट का त्वरित समाधान

0 2,208

कलेक्टर के निर्देश पर त्वरित निरीक्षण, मोटर पंप लगाकर शुरू हुई पानी की आपूर्ति

खबर:

डिंडोरी। जिले के विकासखंड मेहंदवानी अंतर्गत ग्राम पंचायत बुल्दा के ग्राम अमरपुर में पेयजल संकट की सूचना सोशल मीडिया पर सामने आते ही जिला प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की गई।

कलेक्टर के निर्देश पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री एवं सहायक यंत्री ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जहां ग्रामीणजन भी उपस्थित रहे। जांच में पाया गया कि गांव में 45 घरों में लगभग 260 की आबादी निवासरत है। यहां स्थापित 4 हैंडपंपों में से 2 चालू हैं, जबकि 2 जलस्तर कम होने के कारण बंद पड़े हैं।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत तत्काल कदम उठाते हुए कुएं में मोटर पंप स्थापित कर कुंड में पानी भरने और आपूर्ति शुरू करने की व्यवस्था की। यह कार्य लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और ग्राम पंचायत के समन्वय से संपन्न कराया गया।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने एक नलकूप की सफाई की मांग भी रखी, जिस पर विभाग ने दो दिन के भीतर सफाई कार्य पूर्ण कर अतिरिक्त मोटर पंप लगाने का आश्वासन दिया है।

पूरे मामले की कार्यवाही का पंचनामा तैयार किया गया है। वहीं, ग्राम में स्थायी समाधान के लिए नल-जल योजना का कार्य जल निगम मर्यादित द्वारा प्रगति पर है, जिसे अक्टूबर 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिला प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु सतत निगरानी और प्रभावी कार्रवाई जारी है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment