शहर में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, 5 दुकानदारों पर समन शुल्क की कार्रवाई

सीधी | 09 अप्रैल 2026
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर प्रिया पाठक (प्रभारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी), उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमन मिश्रा, कोतवाली थाना प्रभारी एवं यातायात थाना प्रभारी ने बुधवार शाम शहर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सड़क पर अतिक्रमण करते पाए जाने पर 5 दुकानदारों के विरुद्ध नगरपालिका द्वारा समन शुल्क की कार्रवाई की गई। साथ ही अन्य दुकानदारों और ठेला संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए सड़क पर ठेला न लगाने एवं दुकान का सामान सड़क पर न फैलाने की हिदायत दी गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।