सोन नदी में अवैध रेत उत्खनन पर पुलिस का एक्शन, तारिहा घाट से टाटा 407 जब्त

0 200

 

भोर में सेमरिया पुलिस की दबिश, आरोपी वाहन छोड़कर फरार — कई धाराओं में मामला दर्ज

सीधी | 30 मार्च 2026

जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ सीधी पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सेमरिया पुलिस ने सोन नदी के तारिहा घाट (हनुमानगढ़) में दबिश देकर अवैध रेत उत्खनन की कोशिश को नाकाम कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी सेमरिया उपनिरीक्षक केदार परौहा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मड़वा निवासी राजकुमार सिंह उर्फ भयंकर सिंह अपने टाटा 407 वाहन (MP17 G 2159) में अवैध रेत का उत्खनन कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी की।

भोर के समय हुई इस कार्रवाई में पुलिस को देखते ही आरोपी चालक वाहन को नदी में ही छोड़कर फरार हो गया। वाहन की जांच करने पर उसमें आधी ट्राली अवैध रेत लोड पाई गई।

पुलिस ने सुबह करीब 5 बजे टाटा 407 वाहन और रेत को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2), 317(5) सहित खान एवं खनिज अधिनियम, वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, भारतीय वन अधिनियम एवं म.प्र. गौण खनिज अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी केदार परौहा, सउनि तुलसी दास रावत, प्रधान आरक्षक पंकज विश्वकर्मा सहित आरक्षक मनीष शुक्ला, विनीत सिंह, अमित तिवारी और रवि सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि जिले में खनिज माफियाओं के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment