सीधी में लोकायुक्त का बड़ा एक्शन: ₹5 हजार रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार

वारिसाना सहित तीन मामलों में ₹50 हजार की मांग, शिकायत पर लोकायुक्त टीम ने की ट्रैप कार्रवाई

0 404

सीधी। मध्यप्रदेश के सीधी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। हल्का मिर्चीवार में पदस्थ पटवारी मुनेन्द्र सिंह भदौरिया को लोकायुक्त टीम ने ₹5000 की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम मिर्चीवार निवासी मुनेश्वर प्रसाद सोनी से पटवारी द्वारा वारिसाना सहित तीन अलग-अलग राजस्व मामलों के निपटारे के लिए कुल ₹50,000 की रिश्वत मांगी जा रही थी। बताया गया कि एक मामले में पटवारी पहले ही ₹25,000 ले चुका था, जबकि बाकी दो मामलों के लिए लगातार पैसे की मांग की जा रही थी।

पटवारी की रिश्वतखोरी से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले की गोपनीय जांच की। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर कार्रवाई की योजना बनाई गई।

लोकायुक्त उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। योजना के तहत सोमवार सुबह करीब 8 बजे जिला अस्पताल के पास स्थित पटवारी के आवास पर शिकायतकर्ता को ₹5000 देने भेजा गया। जैसे ही पटवारी ने रिश्वत की रकम ली, पहले से घात लगाए बैठी लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद आरोपी पटवारी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लोकायुक्त टीम द्वारा सर्किट हाउस सीधी में मामले से संबंधित आगे की कार्रवाई की जा रही है।

लोकायुक्त डीएसपी प्रवीण सिंह परिहार ने बताया कि शिकायत की जांच के बाद ट्रैप कार्रवाई की गई है और आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment