सिंगरौली में शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर बड़ी कार्रवाई, 12 वाहन जब्त

सिंगरौली। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए सिंगरौली यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। औचक चेकिंग अभियान के दौरान 12 वाहन चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया, जिनके वाहन जब्त कर न्यायालय भेजे जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री मनीष खत्री (भापुसे) के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा और नगर पुलिस अधीक्षक श्री उमेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना यातायात पुलिस द्वारा 15-16 मार्च 2026 की मध्यरात्रि को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
शहर के प्रमुख चौराहों पर हुई चेकिंग
यातायात पुलिस की टीमों ने शहर के निगाही मोड़, अमलोरी तिराहा और पुराना ट्रैफिक तिराहा पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। इस दौरान करीब 67 वाहनों की जांच की गई और चालकों को यातायात नियमों के पालन के लिए समझाइश भी दी गई।
जांच के दौरान 10 ट्रक और 2 ट्रेलर सहित कुल 12 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके वाहन जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।
लाइसेंस निलंबन के लिए भेजा जाएगा प्रस्ताव
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए सभी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस को 6 माह के लिए निलंबित कराने हेतु प्रस्ताव जिला परिवहन कार्यालय को भेजा जाएगा।
दुर्घटनाओं में आई कमी
यातायात पुलिस द्वारा वर्ष 2025 में चलाए गए विशेष अभियान के कारण पिछले वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि शराब या किसी भी मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
इनका रहा सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी यातायात, सउनि सवालिया रावत, सुरेश शुक्ला, आरक्षक प्रवेश, आरक्षक जितेंद्र, आरक्षक लक्ष्मण सहित अन्य यातायात पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। 🚨🚦