सीधी में जनगणना 2027 का शंखनाद: मोबाइल ऐप से होगी पहली डिजिटल गणना*

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी रिपोर्ट : शाहिद खान
सीधी, 23 फरवरी 2026। आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण में जनगणना अधिकारियों, चार्ज अधिकारियों एवं सहयोगियों को प्रथम चरण की कार्ययोजना से अवगत कराया गया। जनगणना 2027 पूर्व की भांति दो चरणों में संपादित की जाएगी, जिसकी शुरुआत मकान सूचीकरण से होगी। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर मकानों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और परिसंपत्तियों का विस्तृत विवरण संकलित करेंगे।
प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर श्री बी.पी. पांडे, संयुक्त कलेक्टर श्री राजेश शुक्ला, संयुक्त कलेक्टर श्री विकास आनंद, उपखंड अधिकारी प्रिया पाठक सहित जिले के सभी तहसीलदार एवं नगरीय निकायों के अधिकारी उपस्थित रहे। जनगणना कार्य निदेशालय से आए विशेषज्ञों ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन और डेमो के माध्यम से जनगणना की रूपरेखा, तकनीकी प्रक्रियाएं, रोडमैप और संगठनात्मक ढांचे की विस्तृत जानकारी दी। मध्यप्रदेश में प्रथम चरण के तहत 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य संपन्न किया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण में फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना पूरे देश में कराई जाएगी।
इस बार जनगणना 2027 देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें मोबाइल ऐप के जरिए डेटा संकलन किया जाएगा और वेब पोर्टल के माध्यम से कार्य की निगरानी की जाएगी। खास बात यह है कि पहली बार नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प भी मिलेगा। 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक नागरिक ऑनलाइन पोर्टल एवं मोबाइल एप के माध्यम से स्वयं अपनी जनगणना दर्ज कर सकेंगे। प्रशिक्षण में अधिकारियों को समय-सीमा, तकनीकी प्रबंधन और क्रियान्वयन रणनीति पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिससे जिले में जनगणना कार्य सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)