सीधी में शांति समिति की अहम बैठक: प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं होली, ईद और नवरात्रि

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी रिपोर्ट : शाहिद खान
सीधी, 23 फरवरी 2026। आगामी प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने की, जिसमें अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द श्रीवास्तव, एसडीएम गोपद बनास राकेश शुक्ला, एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल सहित नगर पालिका व पुलिस अधिकारियों तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक में विशेष रूप से होली, ईद-उल-फितर और चैत्र नवरात्रि के दौरान कानून व्यवस्था, सुरक्षा और जन-सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन पर चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने होली के दौरान हुड़दंग, शराब पीकर वाहन चलाने और ध्वनि प्रदूषण पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए डीजे व लाउडस्पीकर के लिए निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य बताया। ईद-उल-फितर को लेकर मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों से नमाज के समय और सुरक्षा व्यवस्था पर समन्वय स्थापित किया गया, वहीं चैत्र नवरात्रि में मंदिरों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वालों पर साइबर सेल के माध्यम से कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
अधिकारियों ने कहा कि सीधी जिला हमेशा से आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता की मिसाल रहा है। त्योहारों की खुशियों में किसी प्रकार का व्यवधान न आए, इसके लिए प्रशासन और जनता के बीच समन्वय आवश्यक है। बैठक के अंत में जिला एवं पुलिस प्रशासन ने सभी जिलेवासियों को होली, ईद और नवरात्रि की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)