एक्टिवा की डिक्की में नशे का कारोबार!

2 किलो गांजे के साथ मऊगंज के दो अंतर-जिला तस्कर गिरफ्तार
सिहावल (सीधी)। नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिहावल पुलिस ने अंतर-जिला गांजा तस्करी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मऊगंज जिले से होंडा एक्टिवा स्कूटी पर गांजा लेकर सिहावल पहुंचे दोनों आरोपियों के कब्जे से 2 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजे की तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि मऊगंज की ओर से दो व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर सिहावल क्षेत्र में पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध स्कूटी को रोका। तलाशी के दौरान गांजा बरामद होने पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिवाकर सिंह एवं राहुल खान, निवासी जिला मऊगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की है।
मऊगंज से सिहावल तक तस्करी की कड़ी की जांच
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को गुरुवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। अब पुलिस की जांच गांजे के स्रोत और संभावित खरीदारों तक पहुंचने पर केंद्रित है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और सिहावल क्षेत्र में इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी।
अंतर-जिला स्तर पर सामने आए इस मामले के बाद पुलिस द्वारा नशे के संभावित नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम के मुंशी अंजनी दुबे एवं आरक्षक राहुल सिंह की भूमिका रही।