आंगनवाड़ी बच्चों के पोषण से लेकर स्वास्थ्य जांच तक, गांवों में पहुंचा प्रशासन

0 166

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)

 

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद, 373 ग्रामीणों की हुई स्वास्थ्य जांच

 

डिंडौरी, 13 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत विकासखंड करंजिया के ग्राम मोहतरा में आयोजित सिविल कैंप के दौरान कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद कर बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और प्रारंभिक शिक्षा की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों से आत्मीय बातचीत की और उनसे पूछा कि वे क्या खाते हैं, कैसे पढ़ते हैं और घर पर कैसे रहते हैं।

 

कलेक्टर ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे बच्चों के साथ अपने बच्चों की तरह आत्मीय व्यवहार करें। बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ उन्हें स्वच्छता, स्वास्थ्य और मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी दें, ताकि बच्चे इन बातों को अपने परिवार तक भी पहुंचा सकें।

 

उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चे जो नियमित रूप से आंगनवाड़ी नहीं आते हैं, उनके परिवारों से कार्यकर्ता गांव में जाकर संपर्क करें। अभिभावकों से बच्चों के खान-पान एवं पोषण पर चर्चा करते हुए उन्हें नियमित रूप से आंगनवाड़ी भेजने के लिए प्रेरित किया जाए। पोषण की कमी के कारण कोई भी बच्चा कमजोर न रहे, इसके लिए संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।

 

आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ता प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी

 

कलेक्टर ने आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे ग्रामीणों और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गांव में रहने के कारण वे लोगों से सहज संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझ सकती हैं। साथ ही शासन की योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

 

उन्होंने कहा कि प्रयास यह होना चाहिए कि गांव का कोई भी बच्चा पोषण, स्वास्थ्य और आवश्यक शासकीय सेवाओं से वंचित न रहे।

 

तीन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में 373 लोगों की जांच

 

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम मोहतरा, गोपालपुर एवं पंडरी पानी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में दूरस्थ बैगा बाहुल्य क्षेत्रों के ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

 

शिविरों में 47 गर्भवती महिलाओं, 145 बच्चों, 78 पुरुषों और 103 महिलाओं सहित कुल 373 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचने से लोगों को स्थानीय स्तर पर जांच, उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिली।

 

कलेक्टर ने कहा कि आंगनवाड़ी बच्चों के सीखने और आगे बढ़ने की पहली सीढ़ी है। यदि बच्चों को यहां अच्छा पोषण, सकारात्मक वातावरण और प्रारंभिक शिक्षा मिले तो उनका सर्वांगीण विकास बेहतर तरीके से हो सकेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी लगन एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

 

इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. मनोज पांडे सहित संबंधित अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment