बहरी में ऑटो चालकों के कोर्ट चालान का विरोध

बहरी में ऑटो चालकों पर ₹10 हजार के कोर्ट चालान का विरोध, ऑटो स्टैंड और ग्रामीण परमिट व्यवस्था की मांग
बहरी। ऑटो चालकों पर ₹10 हजार के कोर्ट चालान की कार्रवाई को लेकर विरोध के स्वर उठने लगे हैं। ऑटो चालकों ने प्रशासन से न्यायपूर्ण एवं व्यावहारिक व्यवस्था लागू करने की मांग की है। चालकों का कहना है कि वे ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, लेकिन बहरी में निर्धारित ऑटो स्टैंड और ग्रामीण क्षेत्र के लिए स्पष्ट परमिट व्यवस्था नहीं होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ऑटो चालकों ने सिहावल विधानसभा क्षेत्र के विधायक विश्वामित्र पाठक से मामले को गंभीरता से लेते हुए बहरी में ऑटो स्टैंड निर्धारित कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ऑटो संचालन के लिए परमिट व्यवस्था को स्पष्ट एवं सुचारु कराने की मांग की है।
ऑटो स्टैंड नहीं होने से बढ़ रही परेशानी
चालकों का कहना है कि बहरी में ऑटो खड़े करने के लिए निर्धारित स्टैंड नहीं होने के कारण उन्हें सड़क किनारे ऑटो खड़ा करना पड़ता है। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ चालकों के खिलाफ कार्रवाई की स्थिति बनती है। यदि प्रशासन द्वारा निर्धारित ऑटो स्टैंड उपलब्ध कराया जाए तो यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी और चालकों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी।
ग्रामीण क्षेत्र के परमिट को लेकर असमंजस
ऑटो चालकों ने ग्रामीण क्षेत्रों में परमिट व्यवस्था को लेकर भी स्पष्टता की मांग की है। उनका कहना है कि कई ऑटो सिटी परमिट के आधार पर ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे में संबंधित आरटीओ अधिकारियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लिए आवश्यक परमिट व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वाहन चालकों को कानूनी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष सूर्या साहू ने उठाई आवाज
मामले को लेकर युवा कांग्रेस विधानसभा सिहावल अध्यक्ष सूर्या साहू ने भी ऑटो चालकों के पक्ष में आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि ऑटो चालक मेहनतकश और गरीब वर्ग से आते हैं तथा ऑटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बिना उचित स्टैंड और स्पष्ट परमिट व्यवस्था के चालानी कार्रवाई से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है।
सूर्या साहू ने प्रशासन से मांग की कि बहरी में तत्काल निर्धारित ऑटो स्टैंड की व्यवस्था की जाए तथा ग्रामीण क्षेत्र में ऑटो संचालन के लिए परमिट व्यवस्था स्पष्ट कराई जाए। उन्होंने सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक से भी आग्रह किया कि वे संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर ऑटो चालकों की समस्याओं का स्थायी समाधान कराने की पहल करें।
उन्होंने कहा कि ऑटो चालक कानून का पालन करते हुए सम्मानपूर्वक अपनी आजीविका चलाना चाहते हैं। प्रशासन को चालानी कार्रवाई के साथ-साथ आवश्यक आधारभूत व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में भी कदम उठाना चाहिए, ताकि यातायात व्यवस्था और ऑटो चालकों की रोजी-रोटी दोनों का संतुलन बना रहे।