अंतरजिला चोरी-झपटमारी गिरोह का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

सीधी के दो मामलों में ₹1.50 लाख का मशरुका बरामद, मैहर की लूट का भी खुलासा
सीधी। थाना मझौली एवं चौकी पिपराव पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरजिला चोरी एवं झपटमारी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीधी जिले के दो प्रकरणों में करीब ₹1.50 लाख कीमत का मशरुका, नगदी एवं अन्य सामान बरामद किया है। घटनाओं में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार 7 सितंबर 2026 को ग्राम परसिली में खड्डी निवासी बृजभान रावत के साथ जबरन उद्यापन कर मोबाइल, नगदी एवं जेवरात ले जाने की घटना हुई थी। मामले में थाना मझौली में अपराध क्रमांक 642/2026, धारा 308(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र के आधार पर पुलिस ने दशरथ सिंह बैस (23), अमृतलाल उर्फ चुटिया कोल (25) और सचिन कुमार सोनी (22) को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी ग्राम अरगट, थाना रामनगर, जिला मैहर के निवासी हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने ग्राम करवाही में 29 जून 2026 को महिला से मोबाइल एवं नगदी की झपटमारी की घटना को भी स्वीकार किया। यह मामला थाना मझौली के अपराध क्रमांक 431/2026, धारा 304(2), 3(5) बीएनएस से संबंधित है। दोनों मामलों में करीब ₹1.50 लाख का मशरुका बरामद किया गया।
मैहर की लूट भी कबूली
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने थाना रामनगर, जिला मैहर के अपराध क्रमांक 423/2026 में महिला के साथ लूट की घटना में शामिल होना भी बताया। इसकी सूचना रामनगर पुलिस को दे दी गई है, जो अपने स्तर पर आगे वैधानिक कार्रवाई करेगी।
गिरफ्तार आरोपी दशरथ सिंह बैस के विरुद्ध पूर्व में मैहर जिले में 6 अपराध दर्ज पाए गए हैं। वर्तमान मामलों सहित उसके विरुद्ध कुल 9 अपराध पंजीबद्ध होना सामने आया है।
तीनों आरोपियों को 12 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर थाना मझौली के दोनों प्रकरणों में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी मझौली उनि विशाल शर्मा, चौकी प्रभारी पिपराव उनि शेषमणि मिश्रा, सउनि संतोष साकेत सहित पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।