शिवसेना ने कलेक्ट्रेट व बिजली कार्यालय का घेराव, 20 दिन का दिया अल्टीमेटम

शिकरा समेत कई ग्राम पंचायतों में बिजली और सड़क की मांग, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

0 5,063

 

सीधी। ग्राम शिकरा के वार्ड क्रमांक 17 एवं 18 सहित जिले के कई विद्युत-विहीन क्षेत्रों में बिजली और सड़क की व्यवस्था की मांग को लेकर शुक्रवार को शिवसेना ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पाण्डेय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और शिवसैनिकों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग रखी।

शिवसेना पदाधिकारियों का कहना है कि शिकरा के वार्ड 17-18, साहू बस्ती सहित ग्राम चौफाल, कठौली पंचायत के मोर्चा और अन्य क्षेत्रों में कई परिवार मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। ग्रामीणों के अनुसार कई स्थानों पर बिजली की सुविधा नहीं है, वहीं सड़क के अभाव में आवागमन में परेशानी होती है। बरसात के दौरान बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पाण्डेय ने कहा कि आजादी के इतने दशक बाद भी कई ग्राम पंचायतों के परिवार बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से विद्युत-विहीन क्षेत्रों का सर्वे कराकर शीघ्र विद्युतीकरण और सड़क निर्माण की मांग की।

शिवसेना जिलाध्यक्ष बेनाम सिंह बघेल उर्फ भोले ने कहा कि शिकरा के वार्ड 17-18 एवं साहू बस्ती में सड़क निर्माण कराया जाए तथा पूर्व में दिए गए ज्ञापनों और आवेदनों पर हुई कार्रवाई की जानकारी ग्रामीणों को दी जाए।

शिवसेना ने प्रशासन को 20 दिन का समय देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में समस्याओं के समाधान की दिशा में धरातल पर कार्य शुरू नहीं हुआ, तो संगठन द्वारा संबंधित विभाग के समक्ष आगे आंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा।

इस दौरान संभाग संयोजक संतकुमार केवट, नगर अध्यक्ष जैनेंद्र सिंह चौहान उर्फ मुन्ना, जिला मंत्री आशीष मिश्रा, ददन यादव, रोहित सहित बड़ी संख्या में शिवसेना पदाधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment