मंदिर चोरी का कोतवाली पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

0 433

देवी प्रतिमा से चोरी चांदी की आंखें, माथबेदी और सोने जैसा टुकड़ा बरामद

सीधी। सुभाष नगर स्थित दुर्गा माता मंदिर में हुई चोरी का थाना कोतवाली पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी मुकेश भुजवा पिता मोहन भुजवा, निवासी बनिया कॉलोनी, सीधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया करीब 20 हजार रुपये कीमत का मशरूका बरामद कर जप्त किया है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सुजीत कड़वे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

11 सितंबर की रात मंदिर में हुई थी चोरी

जानकारी के अनुसार 11 सितंबर 2026 की रात सुभाष नगर स्थित दुर्गा माता मंदिर में अज्ञात आरोपी ने मंदिर का ताला एवं कांच का बेस तोड़कर देवी प्रतिमा पर लगे चांदी के आभूषण तथा सोने का लॉकेट चोरी कर लिया था। फरियादी कृष्णकुमार तिवारी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

कोतवाली पुलिस ने तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी मुकेश भुजवा को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर उसके कब्जे से तीन नग चांदी की आंखें, एक चांदी की माथबेदी तथा एक पीले रंग का सोने जैसा टुकड़ा बरामद किया गया। बरामद मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment