नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन

युवाओं ने कला, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति से दिया नशामुक्त समाज का संदेश
रिपोर्टर -सोहन श्याम
डिंडौरी-युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत MY Bharat द्वारा “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) डिंडौरी में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रुदेश परस्ते उपस्थित रहे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, एसडीओपी श्री सतीश द्विवेदी, यातायात थाना प्रभारी श्री सुभाष सिंह उइके, कोतवाली थाना प्रभारी श्री दुर्गा प्रसाद नागपुरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से लगभग 300 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा एवं प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रुदेश परस्ते ने कहा कि जनभागीदारी और युवाओं की सकारात्मक सोच से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है। पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे ने युवाओं से नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और स्वयं इस अभियान का दूत बनने का आग्रह किया। एसडीओपी श्री सतीश द्विवेदी, यातायात थाना प्रभारी श्री सुभाष सिंह उइके तथा थाना प्रभारी श्री दुर्गा प्रसाद नागपुरे ने भी अनुशासित एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने वाद-विवाद, स्लोगन लेखन, चित्रकला, रील एवं लघु फिल्म निर्माण, संगीत एवं रैप, स्लैम पोएट्री, विषय आधारित नृत्य तथा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशामुक्त समाज एवं विकसित भारत का प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किया। जिला युवा अधिकारी श्री भुवन सिंह सोलंकी ने बताया कि MY Bharat युवाओं की ऊर्जा एवं नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रहित से जोड़ने का सशक्त मंच है। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया तथा सभी अतिथियों, विभागीय अधिकारियों, शिक्षकों, मीडिया प्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नशामुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में सभी से निरंतर सहयोग का आह्वान किया गया और साथ ही अंत में एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत आईटीआई प्रांगण में पौध रोपण भी किये।