बंद नाली से बिलगांव का मुख्य मार्ग जलमग्न, 2–3 फीट पानी में जान जोखिम में डालकर निकल रहे ग्रामीण

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)
स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और मवेशियों का आवागमन प्रभावित, शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
शहपुरा (डिंडौरी)।
जनपद पंचायत शहपुरा की ग्राम पंचायत बिलगांव में शंकरगंज से टिकरा मोहल्ला जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। पुलिया के ऊपर बनी नाली बंद होने से पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है, जिसके कारण सड़क पर करीब 2 से 3 फीट तक पानी जमा है। इससे स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और मवेशियों का आवागमन अत्यंत कठिन और जोखिमपूर्ण हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत द्वारा नाली निर्माण कराए जाने के बाद पुलिया के ऊपर की नाली को कुछ लोगों ने बंद कर दिया, जिससे पानी का प्राकृतिक बहाव रुक गया। उनका कहना है कि पहले इस मार्ग पर जलभराव की समस्या नहीं होती थी, लेकिन नाली बंद होने के बाद हालात लगातार बिगड़ते चले गए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ठाकुर राम साहू एवं शैल कुमार साहू द्वारा नाली अवरुद्ध किए जाने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
बिलगांव निवासी रामखेलावन साहू ने बताया कि छोटे-छोटे बच्चों को प्रतिदिन पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। वहीं ग्रामीण धनेंद्र साहू ने बताया कि इस समस्या की शिकायत ग्राम पंचायत, तहसील कार्यालय और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर भी की जा चुकी है। तहसील से पटवारी ने मौके का निरीक्षण भी किया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दौरान सड़क और पुलिया पर लगातार जलभराव रहने से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नाली को तत्काल खुलवाकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।