सीधी में विकास कार्यों की सौगात: प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने किए भूमिपूजन, लोकार्पण, उप तहसील शुभारंभ और हितलाभ वितरण

रामपुर नैकिन और सेमरिया में करोड़ों की सौगात, आंगनबाड़ी भवनों का भूमिपूजन, उप तहसील कार्यालयों का शुभारंभ, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरित।
सीधी, 9 जुलाई 2026।
सीधी जिले के प्रभारी मंत्री एवं मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने गुरुवार को रामपुर नैकिन, हनुमानगढ़ और सेमरिया क्षेत्र में विकास एवं जनकल्याण से जुड़े कई कार्यक्रमों में भाग लेकर करोड़ों रुपये की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने पांच नए आंगनबाड़ी भवनों का भूमिपूजन, हनुमानगढ़ में नवीन उप तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण, सेमरिया उप तहसील कार्यालय का शुभारंभ तथा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किया।
रामपुर नैकिन के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुआँ में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने 53.10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पांच आंगनबाड़ी भवनों का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं को बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद सामुदायिक भवन रामपुर नैकिन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत आठ महिला स्व-सहायता समूहों को कुल 23 लाख रुपये का बैंक ऋण प्रदान किया गया। साथ ही राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना, संबल योजना, आयुष्मान कार्ड, लाड़ली लक्ष्मी योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, मृदा स्वास्थ्य कार्ड तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित अनेक योजनाओं के हितलाभ भी वितरित किए गए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है।
हनुमानगढ़ में प्रभारी मंत्री ने 1.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नवीन उप तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इससे 34 पटवारी हल्कों के किसानों एवं आम नागरिकों को नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और अन्य राजस्व कार्यों के लिए अब दूर नहीं जाना पड़ेगा तथा स्थानीय स्तर पर ही त्वरित सेवाएं मिलेंगी।
वहीं सेमरिया में नवगठित उप तहसील कार्यालय का शुभारंभ किया गया, जो प्रारंभिक रूप से सामुदायिक भवन से संचालित होगा। इस कार्यालय से 12 पटवारी हल्कों के लोगों को राजस्व संबंधी सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। प्रत्येक बुधवार और गुरुवार को नायब तहसीलदार कार्यालय में उपस्थित रहकर राजस्व प्रकरणों की सुनवाई करेंगी।
कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासनिक सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और किसानों, महिलाओं तथा जरूरतमंदों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक रीती पाठक, पूर्व विधायक शरदेन्दु तिवारी, कलेक्टर विकास मिश्रा, समाजसेवी देव कुमार सिंह चौहान, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।