हुलासगंज गोलीकांड के विरोध में सीपीएम का प्रतिरोध मार्च, मुख्यमंत्री व केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन

0 168

घोसी में जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में निकला मार्च, अवैध बालू खनन पर रोक, दोषियों पर कार्रवाई और नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

घोसी (जहानाबाद), बिहार | नवीन कुमार, संवाददाता

जहानाबाद जिले के घोसी में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के जिला सचिव कामरेड जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में हुलासगंज प्रखंड के चैती पिपर गांव में हुई गोलीबारी की घटना के विरोध में प्रतिरोध मार्च निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में सीपीएम कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

प्रतिरोध मार्च घोसी थाना रोड से शुरू होकर बाजार के मुख्य मार्गों से होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचा, जहां यह सभा में तब्दील हो गया। सभा के बाद प्रदर्शनकारियों ने बिहार के मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

सभा को संबोधित करते हुए सीपीएम के जिला सचिव कामरेड जगदीश प्रसाद ने कहा कि हुलासगंज प्रखंड के चैती पिपर गांव में अतिपिछड़ी जातियों के लोगों पर कथित रूप से बालू माफियाओं द्वारा की गई गोलीबारी की घटना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने मांग की कि घायलों का समुचित इलाज कराया जाए, उन्हें पर्याप्त मुआवजा दिया जाए, पीड़ित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।

उन्होंने अवैध बालू खनन पर तत्काल रोक लगाने, बालू माफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने, पुलिस-माफिया गठजोड़ पर अंकुश लगाने और अपराधियों को संरक्षण देना बंद करने की भी मांग की।

इस दौरान वक्ताओं ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले का भी मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि पेपर लीक से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। इसी के विरोध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए उनका भी प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया।

कार्यक्रम में सीपीएम लोकल कमेटी के सचिव शत्रुघ्न यादव, जिला कमेटी सदस्य दिलीप कुमार, बुधदेव पासवान, रामप्रवेश प्रसाद, उपेंद्र दास, महेंद्र राम, राजबलम दास, अरुण कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment