रेलवे कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर एनआरएमयू ने की शाखा परिषद बैठक

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। एनआरएमयू शाहजहांपुर शाखा की शाखा परिषद बैठक सहायक मंडल मंत्री नरेंद्र कुमार त्यागी के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक के दौरान इंजीनियरिंग, ऑपरेटिंग, कैरिज एंड वैगन, सिग्नल एवं टेलीकॉम, इलेक्ट्रिक तथा वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा रेलवे और संगठन की वर्तमान परिस्थितियों पर चर्चा की गई।
बैठक में कर्मचारियों ने रेलवे कॉलोनियों की बदहाल स्थिति को प्रमुखता से उठाया। कर्मचारियों ने आवासों की टूटी फर्श, टपकती छतों, उखड़ते प्लास्टर, क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल, टूटी टोटियों तथा नालियों की समस्याओं से अवगत कराया। ऑपरेटिंग विभाग के कर्मचारियों ने यार्ड में ट्रेनों को खड़ा करने के दौरान उपयोग होने वाली जंजीरों एवं गुटकों को सुरक्षित रखने के लिए स्टोर की व्यवस्था की मांग की।
इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों ने रिस्क अलाउंस, आठ घंटे की ड्यूटी व्यवस्था तथा 2800 ग्रेड पे से जुड़े मुद्दे उठाए। वहीं कैरिज एंड वैगन विभाग की महिला कर्मचारियों ने महिलाओं के लिए अलग चेंजिंग रूम और शौचालय की व्यवस्था किए जाने की मांग रखी। बैठक में रेलवे गेटों के निजीकरण से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
सहायक मंडल मंत्री नरेंद्र कुमार त्यागी ने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए उच्च अधिकारियों से वार्ता की जाएगी तथा पीएनएम और इंफॉर्मल बैठकों के माध्यम से मामलों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एनआरएमयू हमेशा कर्मचारियों के सुख-दुख में उनके साथ खड़ी रही है और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान संगठन की प्राथमिकता है।
शाखा अध्यक्ष रामऔतार शर्मा ने कर्मचारियों से अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन से जुड़ने का आह्वान किया। सह सचिव जितेंद्र कुमार और यतींद्र त्रिवेदी ने युवा कर्मचारियों को नए श्रम कानूनों के प्रति जागरूक रहने और एनआरएमयू को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
बैठक में रवि बाजपेयी, विक्रम, संजीव, राजकुमार, जितेंद्र लोहार, अश्वनी, दिनेश, भगवानदास, प्रतीक रस्तोगी, यशवीर सिंह, मानव कश्यप, चंदा, लालाराम, वीरपाल, योगेंद्र, राकेश, नंद, जयपाल सिंह, अनिल कुमार, गौतम, रजनीश त्रिवेदी, आशीष तथा अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।