ग्रामीण विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, बारिश से पहले निर्माण कार्य पूर्ण करने पर जोर

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव
डिंडौरी, 06 जून 2026। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने जल संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत संचालित सभी कार्यों में गति लाई जाए, ताकि जिला प्रदेश में अग्रणी स्थान प्राप्त कर सके।
समीक्षा बैठक में खेत तालाब, डगवेल, अमृत सरोवर, वाटरशेड विकास कार्य, मरम्मत कार्य, स्टॉप डेम, वृक्षारोपण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, कुओं एवं कूप निर्माण सहित पंचायत भवन, आंगनवाड़ी केंद्रों और विद्यालयों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व सभी निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विभागीय अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग कर कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव, अतिरिक्त सीईओ श्री पंकज जैन, एसडीएम डिंडौरी सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम बजाग श्री अक्षय डीगरसे, आरईएस अधिकारी श्री ललित कुमार सहित सभी जनपद पंचायतों के सीईओ, सहायक यंत्री एवं अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।