सीधी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 239 लीटर अवैध शराब से भरी बलेनो कार पकड़ी, आरोपी गिरफ्तार

सीधी, 05 जून 2026। जिले में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जमोड़ी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक बलेनो कार से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। कार्रवाई में ₹1,17,198 मूल्य की 239 लीटर शराब तथा करीब ₹6 लाख कीमत की बलेनो कार जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री अमन मिश्रा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर की घेराबंदी
पुलिस को 4 जून की रात सूचना मिली थी कि रीवा की ओर से एक सफेद रंग की कार में बड़ी मात्रा में अवैध शराब भरकर खाम घाटी की तरफ ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही जमोड़ी पुलिस ने रीवा-सिंगरौली बाईपास ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
कार से मिली देशी-विदेशी शराब और बीयर
तलाशी के दौरान कार से कुल 239 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। जब्त सामग्री में—
देशी मदिरा प्लेन (प्रिंस लेमन) – 09 पेटी, 81 लीटर (कीमत ₹36,000)
पावरकूल बीयर – 06 पेटी, 72 लीटर (कीमत ₹16,560)
8 पीएम व्हिस्की – 03 पेटी, 25.9 लीटर (कीमत ₹24,624)
ऑफिसर च्वाइस व्हिस्की – 07 पेटी, 60 लीटर (कीमत ₹40,014)
शामिल है। कुल शराब की कीमत ₹1,17,198 आंकी गई है।
आरोपी के पास नहीं मिले वैध दस्तावेज
पुलिस पूछताछ में चालक ने अपना नाम नीरज सिंह कुशवाहा (37 वर्ष) निवासी बंजारी, थाना मझौली, जिला सीधी बताया। शराब के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
इस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया तथा शराब और वाहन को जब्त कर लिया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सउनि आर.डी. साकेत, प्रधान आरक्षक गुरु प्रसन्न, आशीष तथा आरक्षक के.पी. सिंह और अंकित सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की।
सीधी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, नशे के कारोबार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।