ग्रामीण स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल पर जोर, “वॉश ऑन व्हील” प्रशिक्षण संपन्न

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव
डिंडौरी : 07 मई, 2026
जिला पंचायत डिंडौरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिव्यांशु चौधरी की अध्यक्षता में “वॉश ऑन व्हील” प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान स्वच्छता साथियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इसमें पानी की टंकियों की नियमित साफ-सफाई, नल मरम्मत एवं सफाई, संस्थागत शौचालयों की स्वच्छता तथा गांवों में पेयजल गुणवत्ता जांच की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में जल परीक्षण की विधि एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने हेतु अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में भी जानकारी साझा की गई। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा संबंधित कर्मचारियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना रहा।