ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, एक माह तक मिलेगा विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण

रिपोर्टर-सोहन श्याम बजाग डिंडौरी
डिंडौरी-खेल और युवा कल्याण विभाग भोपाल के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में जिले में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन विकासखंड, तहसील एवं जिला मुख्यालय स्तर पर किया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिला मुख्यालय स्थित इंडोर खेल परिसर खेल मैदान में शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया।
यह प्रशिक्षण शिविर 5 मई 2026 से 5 जून 2026 तक संचालित होगा। शिविर में प्रतिदिन सुबह एवं शाम दो-दो घंटे प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे बालक-बालिकाओं को खेलों के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास के साथ-साथ खेल भावना और सद्भावना का भी विकास होगा।
ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के अंतर्गत कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, कराते, मार्शल आर्ट, बैडमिंटन एवं क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को अपने कौशल को निखारने का अवसर मिलेगा।
जिले के नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियों का सदुपयोग करते हुए उन्हें जिला मुख्यालय स्थित इंडोर खेल परिसर में सुबह 6 बजे से 8 बजे तथा शाम 5 बजे से 7 बजे तक खेल किट के साथ भेजें, ताकि बच्चे खेलों के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें।
शुभारंभ अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी मो. अहमद खान, श्री चेतराम अहिरवार, सुश्री आरती सोंधिया, श्रीमती सुनीता, श्री आदर्श परस्ते, श्री महेन्द्र धुर्वे सहित अन्य वरिष्ठ खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।