“ किताब,सम्मान और विशेष भोज के साथ सजी शिक्षा की नई सुबह: बमुरी स्कूल में प्रवेश उत्सव बना प्रेरणा का पर्व”

0 208

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान

सिहावल (सीधी)। जन शिक्षा केंद्र सिहावल अंतर्गत माध्यमिक विद्यालय बमुरी (गजकरण सिंह) में 1 अप्रैल 2026 को नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ पर शाला प्रवेश उत्सव उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की चहल-पहल, अभिभावकों की भागीदारी और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। नन्हे विद्यार्थियों के चेहरे पर नए सपनों की चमक और शिक्षा के प्रति उत्सुकता ने पूरे माहौल को प्रेरणादायक बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें पाठ्यपुस्तकें एवं पुरस्कार वितरित कर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया। साथ ही, पिछले सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनकी उपलब्धियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य राम लखन कोल, शिक्षक अखिलेश सिंह चंदेल, सोभनाथ साहू, अतिथि शिक्षक शहीद खान, संध्या सिंह एवं कुमारी आर्या ज्योति सिंह सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जन शिक्षक बब्बू सिंह ने कहा कि शिक्षा ही जीवन को सही दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम है, जो व्यक्ति को नई पहचान दिलाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन और परिश्रम के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप सरपंच सतेन्द्र सिंह चंदेल ने की, जबकि बी.ए.सी. अखंड प्रताप सिंह, सी.ए.सी. बब्बू लाल सिंह एवं पीटीए अध्यक्ष लालबहादुर प्रजापति की विशेष उपस्थिति रही। अंत में विद्यार्थियों ने नए सत्र में मन लगाकर अध्ययन करने का संकल्प लिया।

प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी ( मध्य प्रदेश)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment