सामुदायिक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, मिशन शक्ति की दी गई जानकारी

रिपोर्टर-सोहन श्याम बजाग डिंडौरी
डिंडौरी- कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री श्याम सिंगौर के मार्गदर्शन में जिले में संचालित मिशन शक्ति (हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन) के अंतर्गत वन स्टॉप सेंटर, डिंडोरी द्वारा सामुदायिक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम विकासखंड अमरपुर के ग्राम कामको मोहनिया स्थित ग्राम पंचायत भवन में आयोजित हुआ, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बालिकाएं, महिलाएं एवं ग्रामीणजन शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक श्रीमती सविता धार्वे द्वारा मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित योजनाओं संबल एवं सामर्थ्य की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए बाल विवाह के सामाजिक, स्वास्थ्य एवं कानूनी दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने बताया कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक कुरीति होने के साथ-साथ कानूनन दंडनीय अपराध भी है।
इस अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं को वन स्टॉप सेंटर द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं की जानकारी देते हुए महिला हेल्पलाइन नंबर 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा वन स्टॉप सेंटर हेल्पलाइन नंबर 7828195167 के बारे में विस्तार से बताया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे त्वरित सहायता प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को बाल विवाह जैसी कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक रहने एवं इसके उन्मूलन हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर की बहुउद्देशीय सहायिका श्रीमती राधा श्याम सहित अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।