खबर का असर: 15 दिनों से बंद नल-जल योजना शुरू करने में जुटा प्रशासन

शहपुरा (डिंडौरी) | जिला ब्यूरो: मनोज कुमार यादव
विकासखंड शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत मरवारी के पोषक ग्राम पड़रिया खुर्द में पिछले 15 दिनों से बंद पड़ी नल-जल योजना को लेकर अब प्रशासन हरकत में आ गया है। यह कार्रवाई वनांचल समाचार एवं प्राईड इंडिया न्यूज़ में प्रकाशित खबरों के बाद शुरू हुई है।
ग्रामीणों की गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद संबंधित विभाग ने मामले को संज्ञान में लिया और अब नल-जल योजना को पुनः चालू करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से योजना बंद रहने के कारण गांव के लोगों को पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। दैनिक उपयोग के लिए भी ग्रामीणों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा था।
खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और तकनीकी खामियों को दूर करने का काम शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही नल-जल योजना पूरी तरह सुचारू कर दी जाएगी, जिससे ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
ग्रामीणों ने मीडिया का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि अब उनकी समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।