सीधी को मिला तेजतर्रार कलेक्टर! 2013 बैच के IAS विकास मिश्रा की एंट्री, सिस्टम सुधार की बड़ी उम्मीद

0 509

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान

सीधी। जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को नई धार देने के लिए मध्यप्रदेश शासन ने 2013 बैच के आईएएस अधिकारी विकास मिश्रा को सीधी का नया कलेक्टर नियुक्त किया है। उनकी तैनाती ऐसे समय में हुई है जब जिले में प्रशासन की साख, भ्रष्टाचार और धीमे विकास कार्यों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। ऐसे में उनकी एंट्री को सख्त प्रशासन और सिस्टम सुधार के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

विकास मिश्रा को जमीनी स्तर पर काम करने वाले तेजतर्रार अधिकारियों में गिना जाता है। वे मुख्यमंत्री सचिवालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके हैं और आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के आयुक्त भी रह चुके हैं। डिंडोरी कलेक्टर रहते हुए उन्होंने कई ऐसे प्रयोग किए जिनकी चर्चा पूरे प्रदेश में हुई। स्कूलों में क्विज प्रतियोगिता, जनता से सीधा संवाद और एक छात्र को एक दिन का कलेक्टर बनाकर प्रशासन से जोड़ने जैसी पहल ने उन्हें अलग पहचान दिलाई।

उनकी कार्यशैली की सबसे बड़ी पहचान उनकी सादगी मानी जाती है। उन्होंने अपनी सरकारी गाड़ी से “कलेक्टर” शब्द हटाकर “लोकसेवक” लिखवाया था, जिससे साफ संदेश गया कि उनके लिए पद नहीं, सेवा सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
अब सीधी जिले में उनके सामने बड़ी चुनौतियां हैं।
प्रशासन की गिरती साख को संभालना,
भ्रष्टाचार पर लगाम लगाना,
जनसुनवाई को प्रभावी बनाना,
और रुके हुए विकास कार्यों को तेज करना—ये सब उनकी प्राथमिकता में रहेगा।
जिले की जनता को उम्मीद है कि नया कलेक्टर सिर्फ दफ्तर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मैदान में उतरकर काम करेगा। अब देखना होगा कि विकास मिश्रा की सख्त और संवेदनशील कार्यशैली सीधी के हालात को कितना बदल पाती है।

प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी ( मध्य प्रदेश)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment