मझौली पुलिस की बड़ी सफलता: 3000 किलोमीटर दूर गुजरात के कच्छ से नाबालिग किशोरी सुरक्षित बरामद

0 357

सीधी | 23 फरवरी 2026

कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला सीधी (म.प्र.) द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मझौली पुलिस ने एक बड़ी और सराहनीय सफलता हासिल की है। गुमशुदा नाबालिग किशोरी की तलाश में पुलिस टीम ने लगभग 3000 किलोमीटर का लंबा सफर तय कर गुजरात के कच्छ जिले से किशोरी को सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया।

पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट श्री रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में यह कार्यवाही संपन्न हुई।

विशेष टीम का गठन, तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग

परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई गुमशुदगी की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी मझौली उप निरीक्षक विशाल शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि किशोरी गुजरात के कच्छ जिले में है।

3000 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण यात्रा

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल रवाना हुई और मध्यप्रदेश से गुजरात तक का लगभग 3000 किलोमीटर का लंबा और चुनौतीपूर्ण सफर तय किया। अथक प्रयास और सूझबूझ के चलते पुलिस ने किशोरी को सुरक्षित बरामद कर वैधानिक कार्यवाही पूर्ण की तथा उसे सकुशल सीधी वापस लाकर परिजनों को सौंप दिया।

पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह माता-पिता की डांट से नाराज होकर घर से चली गई थी।

परिजनों ने जताया आभार

अपनी बेटी को इतनी दूर से सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने सीधी पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है।

टीम की सराहनीय भूमिका

इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी मझौली उप निरीक्षक विशाल शर्मा एवं उनकी टीम की सक्रियता और समर्पण विशेष रूप से सराहनीय रहा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment