अवैध रेत परिवहन पर कुसमी पुलिस का शिकंजा: ट्रैक्टर सहित 6 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त, खनिज माफियाओं में हड़कंप

0 235

सीधी। जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। देर रात मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय खनिज माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुसमी पुलिस को सूचना मिली थी कि गोपट नदी से अवैध रूप से रेत निकालकर उसका परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी अरूणा द्विवेदी के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाई और संभावित मार्गों पर घेराबंदी कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रैक्टर को रोककर तलाशी ली, जिसमें रेत लदी हुई पाई गई। वाहन चालक की पहचान राजेश सिंह पिता कल्याण सिंह गोंड़ के रूप में हुई। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह गोपट नदी से रेत लेकर टमसार छात्रावास में चल रहे निर्माण कार्य के लिए जा रहा था। हालांकि, मौके पर प्रस्तुत दस्तावेज संतोषजनक नहीं पाए गए और वैध खनन या परिवहन की अनुमति संबंधी कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

दस्तावेजों की कमी और प्रथम दृष्टया अवैध परिवहन पाए जाने पर पुलिस ने ट्रैक्टर सहित रेत को जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार जब्त ट्रैक्टर और रेत की कुल अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख 5 हजार रुपये आंकी गई है।

इस मामले में आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 303(2) एवं 317(5) तथा खनिज अधिनियम की धारा 4/21 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। आगे की जांच जारी है।

इस कार्रवाई में एएसआई नंद प्रकाश सिंह, कमलेश प्रजापति, आरक्षक दिनकर द्विवेदी एवं चूड़ामणि सिंह की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और सूझबूझ की प्रशंसा करते हुए कहा कि अवैध खनन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

कुसमी थाना पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment