सीधी में बाइक चोर का खेल खत्म, 4 चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ शातिर आरोपी गिरफ्तार

0 22

 

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट :- शाहिद खान

 

सीधी शहर में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का कोतवाली पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राघवेंद्र द्विवेदी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई को जिले में वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से जांच शुरू की। जांच के दौरान मऊगंज जिले के भाटी चक्र निवासी महबूब अंसारी की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने सीधी शहर से कई मोटरसाइकिलें चोरी कर मऊगंज ले जाने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर टीवीएस, प्लैटिना, हीरो होंडा एचएफ डीलक्स तथा हीरो होंडा स्प्लेंडर सहित कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत लगभग 1.20 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस सफलता में कोतवाली पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके चलते वाहन चोरी की कई घटनाओं का एक साथ खुलासा हो सका।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment