नवोदय में भावनाओं और संस्कारों की विदाई — कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को मिला उज्ज्वल भविष्य का संदेश

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी: रिपोर्ट शाहिद खान
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, चुरहट में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए गरिमामय, प्रेरक और हर्षोल्लासपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उप आयुक्त श्री राजेंद्र कुमार वर्मा एवं सहायक आयुक्त (संकुल प्रभारी) श्रीमती दीक्षा ज्योति मिश्रा के मार्गदर्शन तथा प्राचार्य डॉ. डी.के. त्रिपाठी के नेतृत्व में कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसके पश्चात सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भावनात्मक व उल्लासपूर्ण बना दिया।
कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने समूह नृत्य, एकल एवं समूह गीत, कुर्सी दौड़ और गुब्बारा दौड़ जैसी रोचक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। पूर्व विद्यालय कप्तान संदीप गुप्ता एवं प्रगति गुप्ता सहित विज्ञान व कला संकाय के विद्यार्थियों ने कक्षा 6वीं से 12वीं तक की अपनी शैक्षणिक व जीवन यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने शिक्षकों के मार्गदर्शन को सफलता की कुंजी बताते हुए जूनियर विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
विद्यालय कप्तान हर्षित द्विवेदी एवं गर्ल्स कप्तान कु. अनुपमा द्विवेदी ने छात्र प्रतिवेदन प्रस्तुत कर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों का सम्मान किया और स्मृति-चिह्न भेंट किए। शिक्षक वर्ग के प्रेरक उद्बोधन और विदाई गीतों ने वातावरण को भावुक बना दिया। प्राचार्य डॉ. डी.के. त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं, जबकि वरिष्ठ शिक्षक श्री एस.के. तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कैंडल से कैंडल प्रज्वलन के साथ समारोह का समापन शिक्षा, समरसता, भाईचारे और प्रगति के संदेश के साथ हुआ।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी ( मध्य प्रदेश)