सीधी | सिहावल में मुस्लिम मतदाताओं के नाम कटने पर उबाल, तहसील में सौंपा गया ज्ञापन

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, सिहावल रिपोर्ट : शाहिद खान
मध्य प्रदेश के
सीधी जिले के सिहावल विकासखंड अंतर्गत सिहावल विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में मुस्लिम मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटे जाने के आरोपों ने इलाके में तीखा आक्रोश पैदा कर दिया है। ग्राम बमुरी, मेढ़ौली, बघोर सहित अनेक पंचायतों में एसआईआर फॉर्म प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने का दावा किया गया। प्रभावित मतदाताओं का कहना है कि बिना पूर्व सूचना और ठोस कारण के नाम हटना न सिर्फ प्रशासनिक लापरवाही है, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा प्रहार भी है।
आक्रोशित नागरिकों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमान सिंह की मौजूदगी में सिहावल तहसीलदार परम सुख वंशल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव रहा और विशेष समुदाय को निशाना बनाया गया। लोगों ने निष्पक्ष जांच, जिम्मेदारी तय करने और पात्र मतदाताओं के नाम तत्काल बहाल करने की मांग की। तहसीलदार ने आवेदन प्राप्त कर नियमानुसार परीक्षण और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जबकि प्रशासन ने कहा कि एसआईआर के तहत सुधार कार्य जारी है।
मुख्य रूप से मेढ़ौली ग्राम पंचायत की जनता तहसील मुख्यालय पहुंची, वहीं अन्य पंचायतों में भी असंतोष गहराता दिखा। जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते पात्र मुस्लिम मतदाताओं के नाम सूची में नहीं जोड़े गए, तो आंदोलन और व्यापक होगा। इस मौके पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मनोज सिंह चंदेल, जनपद सदस्य इकबाल अंसारी, जनपद सदस्य प्रतिनिधि रामदयाल पटेल सहित कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में मतदाता मौजूद रहे।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)